पटना। बिहार में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर मंदिर में पूजे जाएंगे। मंदिर का निर्माण कैमूर जिले के अतरवलिया गांव में होगा। यह मंदिर भोजपुरी गायक व इस गांव के निवासी मनोज तिवारी बनवा रहे हैं। इसका शिलान्यास 19 नवंबर को होगा। इसी दिन तेंदुलकर की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा भी होगी। यहां प्रतिष्ठापित होने वाली मूर्ति का पहला लुक जारी कर दिया गया है। मंदिर को चार माह में तैयार कराने का लक्ष्य है। मनोज तिवारी का मानना है कि यह मंदिर सचिन को सम्मान देने के साथ नए खिलाड़ियों को भी उनके जैसा बनने की प्रेरणा देगा। मंदिर में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह की मूर्तियां भी होंगी। यह मंदिर करीब छह हजार वर्ग फीट के परिसर में बनेगा। लेआउट के मुताबिक सचिन की मूर्ति गर्भगृह में होगी। जबकि साथी खिलाड़ी मंदिर के अगले हिस्से में होंगे।
आदमकद मूर्ति में सचिन इंडियन क्रिकेट टीम की आफिशियल ब्लू जर्सी में होंगे। उनके हाथ में वर्ल्ड कप नजर आएगा। मूर्ति बनकर तैयार हो गई है। पांच फुट पांच इंच की सचिन की मूर्ति संगमरमर की है। इसे श्रीनाथ (राजस्थान) जिले के मूर्तिकार खेमराम ने बनाया है। यह मनोज तिवारी के घर में रखी गई है। धोनी और युवराज की मूर्ति मंदिर के पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद लायी जाएगी। मंदिर में अन्य पत्थरों के साथ संगमरमर का भी भरपूर उपयोग किया जाएगा।
तिवारी ने बताया कि मंदिर को वर्ष 2014 में बनाने की योजना थी। सचिन के सन्यास लेने की घोषणा के बाद इसे 2013 में ही बनाने का निर्णय लिया गया। इसे बनाने में लगभग 70 लाख रुपये की लागत आएगी। शिलान्यास के दिन ही सचिन की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। मूर्ति को 15 फीट ऊंचे चबूतरे पर स्थापित किया जाना है। उसी दिन से पूजा भी शुरू हो जाएगी।
मूर्ति पर मौसम का प्रभाव न पड़े इसकी व्यवस्था भी की जा रही है। मंदिर के बाद तिवारी अपने गांव में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक स्टेडिटम भी बनवाना चाहते हैं। तिवारी ने कहा कि मेरी कोशिश है कि सचिन मंदिर के शिलान्यास के मौके पर उपस्थित रहें।
Source- Cricket Hindi News
No comments:
Post a Comment